नई दिल्ली । 18 अक्टूबर से जापान में होने जा रहे पैरालंपिक खेलों में प्रमोद भगत और भाविना पटेल को भारतीय दल का ध्वजवाहक चुना गया है। ये दोनों दिग्गज खिलाड़ी 18 अक्टूबर को आयोजित होने उद्घाटन समारोह में भारतीय ध्वज थामकर चलेंगे। एशियाई पैरा गेम्स का पांचवां संस्करण 18 से 24 अक्टूबर तक चलेगा, इसमें भारतीय दल अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेगा।
प्रमोद भगत को भारत के सबसे सफल पैरा बैडमिंटन खिलाड़ियों में गिना जाता है, ने अपने शानदार करियर में साल 2014 से 2023 के बीच कुल छह पदक जीते हैं। इनमें दो स्वर्ण और चार कांस्य पदक भी शामिल हैं। वहीं, पैरा टेबल टेनिस की स्टार भाविना पटेल ने भी साल 2018 से 2023 के दौरान एशियन पैरा गेम्स में दो अहम पदक जीते हैं। इमसें एक रजत और एक कांस्य पदक शामिल है, जो उनकी दृढ़ता और कौशल को दिखाता है।
भारतीय ध्वजवाहक चुने जाने से उत्साहित भाविना पटेल ने अपनी खुशी और गर्व व्यक्त किया। उन्होंने कहा, भारत की ध्वजवाहक चुना जाना मेरे लिए सचमुच बेहद गर्व का पल है। जब आप अपने हाथों में तिरंगा थामते हैं, तो आपको यह गहरा एहसास होता है कि आप सिर्फ अपनी नहीं, बल्कि अपने देश, अपने सपनों और अपने से कहीं बड़ी किसी चीज़ का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। भाविना ने आगे जोड़ा, मैं प्रमोद के साथ उद्घाटन समारोह में भारतीय दल का नेतृत्व करने को लेकर बहुत उत्साहित हूं। मुझे पूरी उम्मीद है कि हमारे सभी खिलाड़ी पूरे आत्मविश्वास के साथ मैदान में उतरेंगे, इस ऐतिहासिक पल का भरपूर आनंद लेंगे और देश के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करेंगे।
गौरतलब है कि प्रमोद भगत और भाविना पटेल ने मिलकर एशियन पैरा खेलों में कुल आठ पदक हासिल किए हैं। अब ये दोनों खिलाड़ी भारतीय दल के सबसे आगे तिरंगा थामकर देश के अभियान की एक प्रेरणादायक शुरुआत करेंगे। उनका यह चयन भारतीय पैरा खेलों के लगातार बढ़ते प्रभाव और अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत के पैरा एथलीटों की बढ़ती पहचान और उपलब्धियों का भी एक महत्वपूर्ण प्रतीक है। प्रमोद और भाविना दोनों ने ही बड़े अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंटों में लगातार शानदार प्रदर्शन किया है और अपनी अद्वितीय उपलब्धियों से देश के अनगिनत युवा पैरा खिलाड़ियों को प्रेरित किया है। उद्घाटन समारोह में उनकी गरिमामयी उपस्थिति पूरे भारतीय दल के लिए ऊर्जा और प्रेरणा का एक बड़ा स्रोत साबित होगी।
वहीं पैरालंपिक कमेटी ऑफ इंडिया (पीसीआई) के अध्यक्ष देवेंद्र झाझरिया ने भी इन दोनों खिलाड़ियों को ध्वजवाहक बनाए जाने पर हार्दिक प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा, उद्घाटन समारोह में प्रमोद भगत और भाविना पटेल को भारतीय दल का नेतृत्व करते देखना हमारे लिए अत्यंत गर्व की बात है। ये दोनों असाधारण चैंपियन हैं और इन्होंने भारतीय पैरा खेलों के विकास में अभूतपूर्व योगदान दिया है।


