सरैयाहाट। देश की आजादी को दशकों बीत गए, लेकिन सरैयाहाट प्रखंड के बंगालीडीह गांव के जवाडीह हिस्से के ग्रामीण आज भी पक्की सड़क की सुविधा से वंचित हैं। गांव के इस हिस्से तक पहुंचने वाला रास्ता कच्चा और बदहाल है। बरसात के दिनों में सड़क पर कीचड़ और जलजमाव होने से ग्रामीणों की परेशानी और बढ़ जाती है। ग्रामीणों का कहना है कि रोजमर्रा के काम के लिए उन्हें इसी रास्ते से होकर मुख्य सड़क तक पहुंचना पड़ता है। बारिश के दौरान पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता है। दोपहिया वाहन चालक अक्सर फिसलन और कीचड़ के कारण दुर्घटना का शिकार होने से बाल-बाल बचते हैं।
————————————————————————————————————-
ककनी में रेलवे हॉल्ट से लेकर पीएम श्री विद्यालय तक सड़क गड्ढे में तब्दील
सरैयाहाट। सरैयाहाट प्रखंड के कोठिया-सहारा मुख्य मार्ग से ककनी जाने वाली सड़क इन दिनों बदहाली का दंश झेल रही है। सड़क की स्थिति इतनी खराब हो गई है कि पूरा मार्ग जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढों में तब्दील हो गया है। बारिश के बाद गड्ढों में पानी और कीचड़ जमा रहने से राहगीरों और वाहन चालकों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ककनी गांव को प्रखंड मुख्यालय से जोड़ने वाला यह एकमात्र संपर्क मार्ग है। इसके बावजूद लंबे समय से सड़क की मरम्मत नहीं होने के कारण इसकी स्थिति लगातार खराब होती जा रही है। बरसात के दिनों में सड़क पर चलना ग्रामीणों के लिए किसी चुनौती से कम नहीं है। ग्रामीणों ने बताया कि सड़क की बदहाली को लेकर कई बार संबंधित विभाग और जनप्रतिनिधियों का ध्यान आकृष्ट कराया गया, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं हो सका है। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द सड़क की मरम्मत कराने तथा आवश्यकतानुसार पक्की सड़क का निर्माण कराने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि यह सड़क केवल आवागमन का माध्यम नहीं, बल्कि ककनी और आसपास के दर्जनों गांवों को प्रखंड मुख्यालय, रेलवे और शिक्षण संस्थानों से जोड़ने वाली महत्वपूर्ण जीवनरेखा है। सड़क की शीघ्र मरम्मत नहीं होने पर बरसात के दिनों में स्थिति और गंभीर होने की आशंका है।
———————-
ककनी में रेलवे हॉल्ट भी है, जहां आसपास के दर्जनों गांवों के लोग प्रतिदिन ट्रेन पकड़ने के लिए पहुंचते हैं। सड़क खराब होने के कारण यात्रियों को रेलवे हॉल्ट तक पहुंचने में काफी परेशानी होती है। खासकर दोपहिया वाहन चालकों के लिए गड्ढों और कीचड़ से भरे रास्ते पर दुर्घटना का खतरा बना रहता है। वहीं ककनी में स्थित पीएम श्री उच्च विद्यालय में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं को भी इसी बदहाल सड़क से होकर स्कूल पहुंचना पड़ता है। बारिश के दौरान सड़क पर कीचड़ और पानी जमा होने से बच्चों के कपड़े खराब होने के साथ-साथ उनके फिसलकर गिरने का खतरा भी बना रहता है।


